Friday, March 1, 2013

विरोध का नया तरीकाः जलाने के लिए खरीदी थी मनसे कार्यकर्ताओं ने कार


मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के चार ऐसे कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने प्रदर्शन में जलाने के लिए एक कार खरीदी थी। इन लोगों ने पहले डीलर से कार खरीदी, फिर उसे मध्य मुंबई के कुर्ला में ले जाकर टीवी न्यूज चैनलों के कैमरों के सामने फूंक दिया। पुलिस की मानें तो उन्होंने ऐसा इसलिए किया ताकि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के की तुलना में उनकी पार्टी का प्रदर्शन प्रभावशाली लगे। शुक्रवार को दोनों पार्टियां एक दूसरे के विरोध में सड़कों पर उतरी थीं। 
पुलिस के अनुसार मुस्ताकी अहमद शेख, अब्दुल हुसैन शेख, आसिफ अली मुर्तजा शेख और शानहान आसिफ अली तुर्की एक डीलर के पास गए और उससे 35,000 रुपये में एक मारुती-800 कार खरीदी। उसके बाद वे कार के साथ मध्य मुंबई स्थित कुर्ला पहुंचे, जहां उन्होंने टीवी न्यूज चैनलों के कैमरों के सामने कार को फूंक दिया। कैमरे में देखने से लग रहा था कि उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस के एक सदस्य को निशाना बनाया था। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया है।  
इससे एक दिन पहले अहमद नगर में मनसे प्रमुख राज ठाकरे की कार पर एनसीपी कार्यकर्ताओं ने हमला किया था। समझा जा रहा है कि यह दोनों पार्टियों के बीच पैदा हुए तनाव के कारण है। इस तनाव के पीछे राज ठाकरे के उस भाषण को जिम्मेवार बताया जा रहा है जिसमें उन्होंने राज्य के सूखे के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री और एनसीपी प्रमुख शरद पवार को जिम्मेदार ठहराया था। 

No comments:

Post a Comment